दिल्ली के जसोला गांव में पैतृक संपत्ति को लेकर हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत तक पहुंच गया। मामले में सरिता विहार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के भाई और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब दोनों की भूमिका और घटना के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को झगड़े की सूचना पर टीम जसोला गांव पहुंची, जहां संजय वर्मा गंभीर रूप से घायल मिले। उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतक की मां जमना देवी ने आरोप लगाया कि पैतृक संपत्ति को लेकर हुए विवाद में उनके बेटे ओमप्रकाश वर्मा और उसकी पत्नी चंदा वर्मा ने संजय वर्मा समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या और साझा मंशा से जुड़े प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर तलाश की गई। पुलिस ने चंदा वर्मा को 21 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास और ओमप्रकाश वर्मा को 22 अक्टूबर को सराय काले खां बस स्टैंड से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल लकड़ी का डंडा, सीसीटीवी फुटेज और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। अब पुलिस घटना की परिस्थितियों, आरोपियों की अलग-अलग भूमिका और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : राज चौधरी


