दिल्ली के नॉर्थ-वेस्ट जिले में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जहां बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन का खेल चल रहा था। जांच में दो बैंक शाखाओं में 37 म्यूल खातों का पता चला है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जाता था। पुलिस ने इस मामले में बैंक मैनेजर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
DCP नॉर्थ-वेस्ट आकांक्षा यादव के नेतृत्व में ACP साइबर सृष्टि भट्ट की निगरानी और SHO दिनेश दहिया की टीम ने इस मामले की जांच शुरू की। CSB बैंक की त्रि नगर शाखा में संदिग्ध खातों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच की। जांच में सामने आया कि राहुल नाम का खाताधारक कभी बैंक पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मयंक कपूर उर्फ रिंकू को बाबा हरिदास नगर से गिरफ्तार किया। उसके पास से 63 आधार कार्ड, 60 पैन कार्ड, 55 फोटो, 11 सिम कार्ड, 7 मोबाइल फोन, 7 चेकबुक, एक लैपटॉप, 60 हजार रुपये नकद और 150 ग्राम सोना बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोप है कि मयंक दिहाड़ी मजदूरों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके KYC दस्तावेज हासिल करता था। इसके बाद CSB बैंक की सरस्वती विहार शाखा के मैनेजर शोभित अग्रवाल की मदद से कथित तौर पर फर्जी खाते खुलवाए जाते थे। पुलिस के मुताबिक, सेल्स स्टाफ के कुछ सदस्यों पर भी बिना खाताधारकों की मौजूदगी और फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए खाते खोलने का आरोप है। ठगी की रकम को Trust Wallet के माध्यम से USDT क्रिप्टोकरेंसी में बदले जाने की बात भी सामने आई है।
जांच में सरस्वती विहार शाखा के 17 और त्रि नगर शाखा के 20 खाते मिले हैं। ये खाते देशभर की 99 साइबर शिकायतों से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनमें कुल 7 करोड़ 36 लाख रुपये जमा हुए थे। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और रकम के लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है।


