Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
 सिलाई मशीन और गारमेंट सप्लाई के नाम पर ₹2 लाख की ठगी, शाहदरा साइबर पुलिस ने आरोपी को बदरपुर से दबोचा

सिलाई मशीन और गारमेंट सप्लाई के नाम पर ₹2 लाख की ठगी, शाहदरा साइबर पुलिस ने आरोपी को बदरपुर से दबोचा

Delhi SamacharDelhi Samachar23 October 2026, 08:16 AM22 views

दिल्ली के शाहदरा इलाके से ऑनलाइन ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां कारोबार बढ़ाने के लिए सप्लाई का सौदा करना एक रेडीमेड गारमेंट कारोबारी को महंगा पड़ गया। सिलाई मशीन और गारमेंट सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया, दस्तावेज भी दिखाए गए, लेकिन इसी भरोसे की आड़ में करीब 2 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

मामले की जांच में जुटी शाहदरा साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 41 वर्षीय आरोपी पवन कुमार दुगर को बदरपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को सप्लायर बताकर कारोबारियों से संपर्क करता था। विश्वास जीतने के लिए वह कैटलॉग, फर्जी इनवॉइस और ट्रांसपोर्ट बिल जैसे दस्तावेज दिखाता था और फिर सप्लाई के नाम पर पैसे लेकर कथित तौर पर ठगी करता था।

इस मामले में पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट्स की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। उसके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस की जांच में बैंक खातों से जुड़े लेन-देन की पड़ताल के दौरान छह अन्य साइबर शिकायतों और लाखों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का भी पता चला है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और कितने लोग इस तरीके से ठगी का शिकार हुए हैं।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।