बाहरी उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेरी थाना इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चोरी के शक में पकड़े गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश के दौरान स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाहबाद डेरी इलाके में करीब चार से पांच युवक कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि युवकों ने एक दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की।
इसी दौरान ताला तोड़ने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने वहां मौजूद युवकों को पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ युवक मौके से फरार होने में कामयाब हो गए, जबकि एक युवक स्थानीय लोगों के हाथ लग गया।
आरोप है कि पकड़े गए युवक के साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट की। इसी दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही शाहबाद डेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटनास्थल पर आखिर क्या हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
साथ ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज से साफ होगा कि युवक की मौत की असली वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।


