दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में पुलिस और दो हथियारबंद बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, करनैल सिंह स्टेडियम के गेट नंबर-2 के पास चेम्सफोर्ड रोड से रिजर्वेशन रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर स्पेशल स्टाफ सेंट्रल की टीम ने दो संदिग्धों को मोटरसाइकिल पर आते देखा। दोनों की पहचान आकाश उर्फ मट्ठी और मुकेश उर्फ चीनू के तौर पर हुई।
पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही दोनों आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों ने पुलिस पर कुल 4 राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली हेड कॉन्स्टेबल मोहित के सिर के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली हेड कॉन्स्टेबल राजवीर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 3 राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली आकाश के दाहिने पैर और दूसरी मुकेश के बाएं पैर में लगी। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध हथियार, चार जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। आकाश पर 13 और मुकेश पर 7 मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों की गिरफ्तारी से फायरिंग, दो घरों में चोरी और मोटरसाइकिल चोरी समेत चार मामलों को सुलझाने का दावा किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


