दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की ARSC यूनिट ने वर्ष 2010 के मयूर विहार हत्या मामले में उम्रकैद की सजा पाए एक दोषी को गिरफ्तार किया है, जो फर्लो पर बाहर आने के बाद वर्ष 2015 से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुराने और परित्यक्त पते का सत्यापन करने के साथ-साथ तकनीकी जानकारी और जमीनी स्तर पर जांच के जरिए पुलिस ने त्रिलोकपुरी से ग्रेटर नोएडा और फिर हिमाचल प्रदेश तक उसका पीछा किया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर हिमाचल प्रदेश के एक दूरदराज गांव में रहना शुरू कर दिया था। पुलिस ने लगातार निगरानी और सत्यापन के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व इंस्पेक्टर दीपक दहिया ने किया, जबकि कार्रवाई एसीपी संजय नागपाल और एसीपी विवेकानंद पाठक के निर्देशन तथा डीसीपी संजीव कुमार यादव की निगरानी में की गई।
करीब 11 साल से फरार उम्रकैद के दोषी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


