रोहिणी जिला पुलिस ने लूट की एक वारदात को महज 15 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए तीन पार्सल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
मामला 25 सितंबर 2026 की शाम करीब 7 बजकर 20 मिनट का है। रोहिणी के सेक्टर-5 स्थित हनुमान मंदिर के पास एक डिलीवरी बॉय से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, एक युवती ग्राहक बनकर डिलीवरी बॉय से पार्सल लेने पहुंची और जबरन पार्सल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर युवती ने डिलीवरी बॉय की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसी दौरान दूसरी युवती स्कूटी से मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया और उसके पैर में चोट आई।
इसके बाद दोनों युवतियां कई पार्सल लेकर मौके से फरार हो गईं।
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना बुध विहार में FIR नंबर 330/2026 के तहत केस दर्ज किया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने नैन्सी सिंह और ग्रेसी सिंह की पहचान की और केस दर्ज होने के करीब 15 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी सगी बहनें हैं। इनके कब्जे से तीन लूटे गए पार्सल, स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


