दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय किशोरी कालकाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने दोस्त के साथ आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर 7 के पास पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान तीन आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर हथियार के बल पर किशोरी और उसके दोस्त को डराया और नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद अमर कॉलोनी थाने में BNS और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पीड़िता का एम्स में मेडिकल कराया गया, जबकि FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साउथ-ईस्ट जिला स्पेशल स्टाफ की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इंस्पेक्टर राजेंद्र डागर की टीम को आरोपी आसिफ की लोकेशन का पता चला। डीएम ऑफिस रोड, अमर कॉलोनी के पास पुलिस ने घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, आसिफ ने टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में आसिफ के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, फरार दो आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


