राजधानी दिल्ली के पूठ खुर्द इलाके मे बवाना पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इलाके में चल रहे एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा है। आरोप है कि इस स्टोर से बिना डॉक्टर के पर्ची (Prescription) के प्रिस्क्रिप्शन ड्रग्स बेची जा रही थीं जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है।
जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि पाइपलाइन रोड, सतगुरु डेयरी के पास स्थित अंबे फार्मेसी में 'प्रेगाबालिन' (Pregabalin) कैप्सूल बिना डॉक्टर की पर्ची के बेचे जा रहे हैं। आरोप है कि ये दवाएं चिकित्सीय इस्तेमाल के बजाय नशीले और शांतिदायक प्रभाव (Sedative Effect) के लिए आने वाले ग्राहकों को दी जा रही थीं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद बवाना पुलिस के इंस्पेक्टर इम्तियाज आलम के नेतृत्व में और ड्रग कंट्रोल विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. शरबी गिरिनाथ को शामिल कर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने अंबे फार्मेसी पर छापेमारी की।
पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की जांच के दौरान कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं
जिस मेडिकल स्टोर से दवाएं बेची जा रही थीं, उसका लाइसेंस एक्सपायर (समाप्त) हो चुका था।
दुकान में प्रतिबंधित/निर्धारित श्रेणी (Scheduled Drugs) की दवाओं के रख-रखाव और बिक्री रिकॉर्ड में भारी अनियमितताएं पाई गईं।
जांच के दौरान दुकान से एक्सपायर हो चुकी दवाएं भी बरामद की गईं।
प्रेगाबालिन एक ऐसी दवा है जिसे डॉक्टर की सलाह पर नसों के दर्द या मिर्गी जैसी स्थितियों में इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, अत्यधिक खुराक पर इसके नशीले और शांतिदायक प्रभाव के कारण युवाओं और नशे के आदी लोगों द्वारा इसके दुरुपयोग के मामले लगातार सामने आते रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों की जवाबदेही तय होगी।
रिपोर्ट - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


