दिल्ली के आनंद विहार इलाके में कैफे के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में शाहदरा जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो पिस्टल और एक स्कूटी बरामद की है। वहीं, मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर की रात आनंद विहार थाना पुलिस को अस्पताल से दो युवकों के गोली लगने से घायल होने की सूचना मिली थी। घायलों की पहचान अफसर और ईशान के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी वारदात के बाद दिल्ली से फरार होकर राजस्थान के अजमेर पहुंच गया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने अजमेर में छापेमारी कर अत्तू, निवासी निजामाबाद, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी घायलों के साथी समीर से पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए वह अपने साथियों के साथ कैफे के बाहर पहुंचा और फायरिंग कर दी। हालांकि, निशाना समीर था, लेकिन वह बच गया और गोलीबारी की चपेट में आने से उसके दो साथी अफसर और ईशान घायल हो गए।
जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी अत्तू की प्रेमिका आफरीन ने पीड़ितों की लोकेशन की जानकारी उसे दी थी। आरोप है कि वारदात के बाद आफरीन ने अत्तू को छिपने में भी मदद की। इसके बाद पुलिस ने आफरीन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। वहीं, फायरिंग के दौरान स्कूटी चलाने वाले तीसरे आरोपी मुजम्मिल की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना के मुताबिक, मामले में फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। इस कार्रवाई को आनंद विहार थाना पुलिस और एटीएफ की टीम ने अंजाम दिया।


