Delhi Samachar
मौसमBREAKING NEWS
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी, यलो अलर्ट जारी; अगले छह दिन सुहाना रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी, यलो अलर्ट जारी; अगले छह दिन सुहाना रहेगा मौसम

Delhi SamacharDelhi Samachar11 August 2026, 05:58 AM12 views

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सोमवार को तेज धूप के बाद दोपहर में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं मंगलवार को भी राजधानी के कई इलाकों में बूंदाबांदी और बारिश का दौर जारी है। खास बात यह है कि आज शिवरात्रि का पर्व है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए घरों से निकल रहे हैं। ऐसे में बारिश के चलते उन्हें थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने मंगलवार को दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से दोपहर के बीच राजधानी के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं शाम और रात के समय भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग मौसम केंद्र पर शाम साढ़े पांच बजे तक करीब चार मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अगस्त के शुरुआती दस दिनों में ही दिल्ली में 233.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो अगस्त की सामान्य औसत बारिश 233.1 मिलीमीटर से भी ज्यादा है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। रुक-रुककर बारिश और बादल छाए रहने से मौसम सुहाना बना रहेगा।

वहीं शिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए निकलने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि बारिश को देखते हुए छाता और जरूरी सामान साथ लेकर ही घर से निकलें।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।