Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
 अलीपुर हिट एंड रन: तमाशबीन बनाते रहे वीडियो, सड़क पर तड़पते युवक की मौत!

अलीपुर हिट एंड रन: तमाशबीन बनाते रहे वीडियो, सड़क पर तड़पते युवक की मौत!

दिल्ली के अलीपुर में हिट एंड रन की एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। नरेला जाने वाली ईदगाह रोड पर तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार 21 वर्षीय मोहम्मद चांद को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चांद सड़क पर गंभीर हालत में तड़पता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग उसकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। अगर समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

Delhi SamacharDelhi Samachar09 August 2026, 09:02 AM19 views

दिल्ली के अलीपुर में हिट एंड रन की एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। नरेला जाने वाली ईदगाह रोड पर तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक सवार 21 वर्षीय मोहम्मद चांद को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चांद सड़क पर गंभीर हालत में तड़पता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोग उसकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। अगर समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन उससे भी ज्यादा खौफनाक मंजर सड़क पर दिखा। जिंदगी और मौत से जूझ रहे चांद के पास तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। कोई उसे उठाने या अस्पताल ले जाने के लिए आगे नहीं आया, बल्कि लोग बेदर्दी से उसका वीडियो शूट करते रहे। आखिरकार, मदद के लंबे इंतजार के बीच चांद ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया।

​

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। कैट्स एंबुलेंस के जरिए चांद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां को गहरा सदमा लगा और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। परिवार के मुताबिक चांद की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। जिस घर में अभी शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब नई-नवेली दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह दर्दनाक हादसा कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। क्या किसी इंसान की जिंदगी बचाने से ज्यादा जरूरी मोबाइल कैमरे में वीडियो कैद करना है? हादसे के तुरंत बाद का 'गोल्डन ऑवर' किसी की जान बचा सकता है, लेकिन लोगों की इस असंवेदनशीलता ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया।

​

मामले में अलीपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक फरार टेंपो की पहचान कर ली गई है और आरोपी ड्राइवर को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।