दिल्ली पुलिस ने 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ ली है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 400 क्वार्टर अवैध शराब और एक टाटा नेक्सॉन कार भी जब्त की गई है।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ और आनंद पर्वत थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई 29 जुलाई को एक गुप्त सूचना के आधार पर की।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि हरियाणा से एक सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार में अवैध शराब की बड़ी खेप दिल्ली लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आनंद पर्वत स्थित नेहरू नगर सब्जी मंडी के पास रामलीला पार्क के निकट जाल बिछाया।
करीब आधे घंटे की निगरानी के बाद संदिग्ध कार मौके पर पहुंची। पुलिस ने जैसे ही गाड़ी को रुकने का इशारा किया, चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ ही देर में उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान कार से आठ बक्सों में भरी "फाल्कन संतरा देसी शराब" की कुल 400 क्वार्टर बोतलें बरामद हुईं। इन बोतलों पर "सिर्फ हरियाणा में बिक्री के लिए" लिखा हुआ था, जिससे साफ हो गया कि शराब को दिल्ली में अवैध रूप से बेचने के लिए लाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतिन, उम्र 28 वर्ष, निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अधिक पैसे कमाने के लालच में हरियाणा से दिल्ली अवैध शराब की सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब का सप्लायर कौन है और इसे दिल्ली में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
इस मामले में आनंद पर्वत थाना में एफआईआर नंबर 410/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33 और 58 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शराब की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई टाटा नेक्सॉन कार भी जब्त कर ली है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत अवैध शराब, नशे और संगठित अपराध के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्टर - राज चौधरी

