दिल्ली के पहाड़गंज से एक बड़ी खबर सामने आई है। करीब आठ महीने से फरार चल रहे उस आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिसने भारतीय सेना के एक जवान को सस्ते होटल का लालच देकर लूट के जाल में फंसाया था। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस सनसनीखेज मामले के चारों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
मामला 2 और 3 दिसंबर 2025 की रात का है। सिक्किम निवासी भारतीय सेना का एक जवान पंजाब जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान स्टेशन के बाहर मौजूद एक दलाल ने उसे मात्र 600 रुपये में कमरा दिलाने का झांसा देकर पहाड़गंज स्थित होटल AV इंटरनेशनल पहुंचाया।
होटल में चेक-इन करने के बाद दलाल ने जवान पर बार-बार महिला की सेवा लेने का दबाव बनाया, लेकिन जवान ने साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद एक महिला उसके कमरे में पहुंची और कुछ ही देर में अपने साथियों को बुला लिया।
इसके बाद तीन आरोपी कमरे में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने जवान को बंधक बनाया, उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसके SBI बैंक खाते से Google Pay के जरिए जबरन 7,500 रुपये ट्रांसफर करा लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसका सामान भी खंगाला और होटल छोड़ते समय घटना का जिक्र किसी से न करने की धमकी दी।
पीड़ित की शिकायत पर पहाड़गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर 4 दिसंबर 2025 को होटल पर छापा मारकर होटल मैनेजर सोहेल अख्तर, वेटर छोटे लाल और सफाई कर्मचारी संजय को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गैंग नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को सस्ते कमरे का लालच देकर होटल लाता था। इसके बाद महिला को कमरे में भेजकर फर्जी सेक्सुअल सर्विस के नाम पर लोगों को डराकर और धमकाकर पैसे वसूलता था।
हालांकि इस साजिश का मुख्य दलाल समीर आलम लगातार फरार चल रहा था। आखिरकार 29 जुलाई 2026 को पुलिस को उसके ठिकाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छापेमारी कर समीर आलम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में समीर आलम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर दलाल के तौर पर काम करता था और यात्रियों को होटल AV इंटरनेशनल भेजता था, जहां गैंग उन्हें फंसाकर लूट की वारदात को अंजाम देता था।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह इसी तरह अन्य यात्रियों को भी अपना शिकार बना चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्टर - राज चौधरी

