राजधानी दिल्ली के ग्रामीण इलाके कंझावला थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों का दुस्साहस सामने आया है। गढ़ी रणधाला गांव में चोरों का एक गिरोह एक ही घर से दो दुधारू भैंसें चोरी कर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर एक बोलेरो गाड़ी का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। घटना से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है, वहीं लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से इलाके के पशुपालकों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मामला कंझावला थाना क्षेत्र के गढ़ी रणधाला गांव का है। चोरों ने देर रात एक घर को निशाना बनाया और वहां बांधी गईं दो भैंसों को चुपके से खोल लिया। चोरी की नीयत से आए बदमाशों ने भैंसों को जबरन अपनी बोलेरो गाड़ी में लादा और मौके से रफूचक्कर हो गए।
सुबह जब पीड़ित परिवार को मवेशियों के गायब होने का पता चला, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सीसीटीवी खंगालने पर पता चला कि चार से पांच अज्ञात बदमाश बोलेरो वाहन के साथ आए थे और बड़ी आसानी से इस चोरी को अंजाम देकर चले गए।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में पिछले कुछ समय से पशु चोरी का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का मानना है कि इस वारदात के पीछे कुख्यात 'मेवाती गैंग' का हाथ हो सकता है, जो अक्सर आसपास के ग्रामीण इलाकों में चार पहिया वाहनों से आकर मवेशियों की चोरी करता है। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक इस गैंग की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने कंझावला थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने तथा भैंसों को बरामद करने की गुहार लगाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कंझावला थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बोलेरो गाड़ी के नंबर और संदिग्ध बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
रिपोर्ट- सोनू

