Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
नोएडा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट; 5 नमूने जांच के लिए लैब भेजे

नोएडा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, 300 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट; 5 नमूने जांच के लिए लैब भेजे

Delhi SamacharDelhi Samachar20 June 2026, 06:08 AM5 views

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान के तहत विभाग ने करीब 300 किलो संदिग्ध और मिलावटी पनीर को नष्ट कराया है, जबकि दूध और पनीर के पांच नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जिले में दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच करना और मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई करना है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी स्थित एक डेयरी से पनीर का नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान करीब 100 किलो पनीर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, जेवर के जहांगीरपुर स्थित डेयरी से दूध का नमूना भी लिया गया।

दूसरी टीम ने नोएडा सेक्टर-15 की एक डेयरी से करीब 200 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया और नमूने जांच के लिए भेजे। इसके अलावा सेक्टर-65 स्थित एक खाद्य उत्पाद कंपनी से भी दूध और पनीर के नमूने एकत्र किए गए हैं।

विभाग ने साफ किया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।