Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
दिल्ली : नरेला में 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर; जांच में जुटी नरेला थाना पुलिस

दिल्ली : नरेला में 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर; जांच में जुटी नरेला थाना पुलिस

Delhi SamacharDelhi Samachar15 June 2026, 12:02 PM39 views

देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ नरेला की पंजाबी कॉलोनी के रहने वाले 17 वर्षीय मोनू नाम के एक युवक पर कुछ युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

​

​मिली जानकारी के मुताबिक, यह वारदात दोपहर के वक्त नरेला इलाके के ही एक पार्क में हुई। परिजनों के अनुसार, दोपहर में मोनू के पास दो लड़कों का फोन आया था, जिन्होंने उसे मिलने के लिए पार्क में बुलाया। मोनू जैसे ही पार्क पहुँचा, वहाँ घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

​"पार्क में तीन से चार युवक आपस में बुरी तरह लड़ रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे पर किसी नुकीली और धारदार चीज से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।"

​वारदात के बाद घायल युवक के घर में कोहराम मचा हुआ है। अस्पताल पहुँची मोनू की बड़ी बहन ने बताया कि यह कोई अचानक हुआ हमला नहीं है, बल्कि इसके पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है।

​तीन से चार दिन पहले भी मोनू का झगड़ा पड़ोस में ही रहने वाले सोनू नाम के एक युवक से हुआ था। उस वक्त भी सोनू ने मोनू के गले पर हमला किया था, जिससे उसे चोट आई थी। आज दोपहर अचानक दो लड़कों का फोन आया और उन्होंने मोनू को नरेला के एक पार्क में बुलाया। मोनू के घर से जाने के थोड़ी देर बाद ही परिवार को सूचना मिली कि उसे किसी ने चाकू मार दिया है। जब परिजन आनन-फानन में राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुँचे, तो मोनू लहूलुहान और गंभीर हालत में था।

​

​वारदात के तुरंत बाद घायल मोनू को नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन युवक के शरीर पर गहरे जख्म होने और भारी मात्रा में खून बह जाने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के एक दूसरे बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है, जहाँ वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

​घटना की सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस और फोरेंसिक की टीमें तुरंत हरकत में आईं और मौका-ए-वारदात पर पहुँच गईं। फोरेंसिक टीम ने पार्क से साक्ष्य जुटाए हैं। ​फिलहाल, नरेला थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पीड़ित परिवार के बयानों और मोनू के फोन पर आए आखिरी कॉल्स के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।