Delhi Samachar
मौसमBREAKING NEWS
दिल्ली-NCR में अभी बारिश का इंतज़ार, पूर्वांचल में झमाझम बरसेंगे बादल; MP-छत्तीसगढ़ समेत 15 राज्यों में मॉनसून का अलर्ट

दिल्ली-NCR में अभी बारिश का इंतज़ार, पूर्वांचल में झमाझम बरसेंगे बादल; MP-छत्तीसगढ़ समेत 15 राज्यों में मॉनसून का अलर्ट

Delhi Samachar15 July 2026, 05:50 AM5 views

देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को फिलहाल बारिश के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना बेहद कम है। वहीं, 19 और 20 जुलाई के दौरान दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश होने के आसार हैं।

दूसरी ओर, पूर्वांचल में मॉनसून पूरी तरह मेहरबान रहने वाला है। गोरखपुर, बस्ती, महाराजगंज, आजमगढ़, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया सहित कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 20 जुलाई के बीच भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

इसके अलावा बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम समेत देश के 15 राज्यों में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के साथ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी अगले सात दिनों तक भारी बारिश हो सकती है।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी आने वाले दिनों में मौसम करवट लेगा। वहीं, मध्य प्रदेश और विदर्भ में तेज बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: