दिल्ली-NCR की नाइट लाइफ में शामिल युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वाले एक अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के निशाने पर दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के बड़े पब और बार में आने वाले युवा थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक घाना के नागरिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की WR-II टीम को कोकीन तस्करी से जुड़े इस नेटवर्क की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने जांच और निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तीन भारतीय नागरिक और एक घाना का नागरिक शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसे कमर्शियल क्वांटिटी की श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, एक डिजिटल वजन मशीन और पैकेजिंग का सामान भी बरामद हुआ है।
जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क कई स्तरों पर काम कर रहा था और दिल्ली-NCR में कोकीन की सप्लाई करता था। पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन, ड्रग्स के असली स्रोत, पैसों के लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
इस पूरी कार्रवाई को इंस्पेक्टर अक्षय गहलोत के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जबकि ACP राजपाल डबास की निगरानी और DCP क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा के नेतृत्व में टीम ने ऑपरेशन को सफल बनाया।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


