दक्षिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 106.250 किलोग्राम हाई-क्वालिटी चरस बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 109 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह नेपाल से चरस की खेप दिल्ली लाकर राजधानी और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करता था। जांच में सामने आया कि चरस को पहले दिल्ली के वजीराबाद स्थित एक गोदाम में स्टोर किया जाता था, जहां से आगे इसकी सप्लाई होती थी।
29 जून को पुलिस को नेपाल के नागरिकों द्वारा चरस सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कोटला मुबारकपुर स्थित एक घर पर छापा मारकर भरत थापा, गोविंद बुढ़ा और ज्योति पुन मगर को गिरफ्तार किया। इनके पास से 8.598 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिली। तकनीकी निगरानी, वित्तीय जांच और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर वजीराबाद में एक बड़े स्टोरेज सेंटर का पता चला।
12 अगस्त को यहां छापेमारी कर रोशनी मगर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 13 प्लास्टिक बैग में पैक 97.652 किलोग्राम चरस, मिक्सिंग मशीन और पैकिंग का सामान बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भारत छोड़कर नेपाल चली गई थी और हाल ही में दोबारा लौटकर ड्रग्स का कारोबार शुरू किया था। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

