Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Crime : साउथ दिल्ली में पति ने पत्नी को गोलियों से भून डाला, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

Crime : साउथ दिल्ली में पति ने पत्नी को गोलियों से भून डाला, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

Delhi SamacharDelhi Samachar26 June 2026, 10:00 AM6 views

राजधानी दिल्ली के साउथ जिले के संगम विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तिगड़ी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान 33 वर्षीय कविता के रूप में हुई है, जो अपने पति शुभम गहलोत के साथ संगम विहार के के-2 ब्लॉक, अमृता पब्लिक स्कूल के पास रहती थी। दोनों की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि शुभम एक निजी कंपनी में फाइनेंस से जुड़ा काम करता है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दंपति आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और इसी वजह से उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। गुरुवार शाम को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि गुस्से में शुभम ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर पत्नी पर दो से तीन गोलियां चला दीं।

गोली लगते ही कविता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो से तीन खोखे बरामद किए हैं।

फिलहाल आरोपी पति फरार है और उसकी तलाश में कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और हथियार के स्रोत की हर पहलू से जांच कर रही है।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।