Delhi Samachar
मौसमBREAKING NEWS
Monsoon : पहली ही बारिश में डूबी दिल्ली-एनसीआर, जलभराव और जाम ने खोली तैयारियों की पोल

Monsoon : पहली ही बारिश में डूबी दिल्ली-एनसीआर, जलभराव और जाम ने खोली तैयारियों की पोल

Delhi SamacharDelhi Samachar08 July 2026, 06:04 AM10 views

सीजन की पहली तेज बारिश ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद राजधानी और आसपास के इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़क धंसने जैसी समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। हर साल की तरह इस बार भी पहली भारी बारिश ने शहर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।

2 जुलाई को मानसून की दस्तक के बाद मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में अब तक की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। जगह-जगह पेड़ गिरने और सड़कें क्षतिग्रस्त होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। वहीं खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा और कई उड़ानों में देरी दर्ज की गई।

राहत की बात यह रही कि राजधानी के जलभराव वाले प्रमुख हॉटस्पॉट—मिंटो ब्रिज, किशनगंज रेल अंडरब्रिज और जखीरा अंडरपास—इस बार बड़े जलभराव से बचे रहे। इसके बावजूद शहर के कई अन्य हिस्सों में लोगों को पानी से लबालब सड़कों और लंबी ट्रैफिक कतारों का सामना करना पड़ा।

उधर गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर स्थित सनबीम कंपनी के सामने सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। इस घटना के चलते करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया और हजारों वाहन कई घंटों तक रेंगते रहे।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश का सिलसिला अभी जारी रह सकता है और शनिवार तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन जलभराव और यातायात की चुनौतियां भी बनी रह सकती हैं।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।