Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : दिल्ली में आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय दोगुना, आज 6690 बहनों को मिलेंगे चेक

Delhi : दिल्ली में आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय दोगुना, आज 6690 बहनों को मिलेंगे चेक

Delhi SamacharDelhi Samachar06 October 2026, 12:02 PM8 views

दिल्ली में आशा कार्यकर्ताओं के लिए आज से मासिक प्रोत्साहन राशि दोगुनी हो गई है। पहले मिलने वाली 3 हजार रुपये की राशि अब बढ़कर 6 हजार रुपये हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की 6690 आशा कार्यकर्ताओं को बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि के चेक सौंपेंगी।

दिल्ली सरकार ने 16 सितंबर को कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं की मासिक प्रोत्साहन राशि को 3 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने का फैसला लिया था। सरकार के मुताबिक, इस फैसले का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को मान्यता देना और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।

आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था में जमीनी स्तर पर अहम भूमिका निभाती हैं। एक आशा कार्यकर्ता औसतन करीब 2 हजार लोगों या लगभग 400 परिवारों से जुड़ी होती हैं। खासतौर पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होती है।

आशा कार्यकर्ता गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कराने, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण के लिए उन्हें स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में मदद करती हैं। इसके अलावा आयरन की गोलियां, सुरक्षित प्रसव, प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा की देखभाल और बच्चों के टीकाकरण को लेकर भी परिवारों को जागरूक करती हैं।

पोलियो अभियान, परिवार नियोजन और गंभीर मरीजों को बड़े अस्पताल तक पहुंचाने जैसे कामों में भी आशा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी रहती है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।