Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : “भाभी के अफेयर का शक बना हत्या की वजह, चचेरे देवर ने मारी गोली”

Delhi : “भाभी के अफेयर का शक बना हत्या की वजह, चचेरे देवर ने मारी गोली”

Delhi SamacharDelhi Samachar06 October 2026, 07:55 AM2 views

बाहरी उत्तरी दिल्ली के सुल्तानपुर डबास में आंगनबाड़ी सेविका मनीषा डबास की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने उसके चचेरे देवर विक्की डबास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी भाभी मनीषा का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर वह मनीषा से नाराज था और कई बार उसे उस युवक से संपर्क खत्म करने के लिए धमका चुका था।

पुलिस के अनुसार, मनीषा के पति की करीब आठ साल पहले हत्या हो चुकी थी। पति की मौत के बाद भी मनीषा का गांव के एक युवक से लगातार संपर्क बना हुआ था। विक्की को यह बात पसंद नहीं थी। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी भाभी के उस युवक के साथ कथित संबंधों पर शक था और इसी रंजिश में उसने मनीषा की हत्या की।

पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे मनीषा अपनी दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान स्कूटी से मंकी कैप पहनकर एक हमलावर वहां पहुंचा और मनीषा को गोली मार दी। गोली लगने के बाद मनीषा जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर में घुस गई, लेकिन हमलावर ने उसका पीछा किया और वहां भी उसे गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद बवाना थाना, स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की कई टीमें जांच में जुट गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने विक्की डबास को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मनीषा से संपर्क रखने वाला युवक इलाके में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया जाता है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश और वारदात में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।