दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। 4 अगस्त की रात एक नाबालिग छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल बस को भी कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह परिजनों से नाराज होकर बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा के इशारे पर बस रुकी और ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया।
आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसे धमकाया गया और बाद में दोनों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद छात्रा को कश्मीरी गेट के पास उतारकर आरोपी फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और दोनों आरोपियों को तिमारपुर की बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने में लगी है।


