बाहरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रोहिणी सेक्टर-28 स्थित NIDM और भगवान अपार्टमेंट के पास एक तेज रफ्तार आइशर ट्रक ने ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
हादसे में घायल हुए बलबीर सिंह (35 वर्ष), पिता सोहन सिंह, निवासी प्रकाश विहार, सेक्टर-28, रोहिणी को इलाज के लिए पास के महर्षि वाल्मीकि अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक अत्यधिक नशे की हालत में था। वह बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा रुकने का इशारा करने के बावजूद उसने गाड़ी नहीं रोकी और वाहनों को टक्कर मार दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को मौके से पकड़ लिया।
आरोपी ट्रक चालक की पहचान मुन्ना लाल (55 वर्ष), निवासी गांव सोंगर, थाना कितासारा, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। के रूप में हुई है
शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच जारी है।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


