आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की थाना एनआईए पुलिस ने गांजा सप्लाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद किया है।
मामला 25 सितंबर 2026 की रात का है। पुलिस को बवाना की जेजे कॉलोनी स्थित ए-ब्लॉक बस स्टैंड के पास गांजे की सप्लाई को लेकर एक खास गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया। रात करीब साढ़े 12 बजे नरेला-बवाना रोड की तरफ से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। मुखबिर की पहचान के बाद पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान 37 वर्षीय नवल किशोर, निवासी नरेला, दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पीठ पर एक नीले रंग का बैकपैक था। बैग की तलाशी लेने पर उसमें भूरे रंग के चार पैकेट मिले। जांच के दौरान इन पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, चारों पैकेटों का कुल वजन 10 किलो 670 ग्राम पाया गया। इसके अलावा आरोपी के पास से 340 रुपये नकद और एक मोटोरोला मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसकी होंडा लिवा मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
इस मामले में थाना एनआईए में FIR नंबर 543/2026, NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) के तहत दर्ज की गई है। आगे की जांच ASI बलराज को सौंपी गई है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह गांजा कहां से मिला था और इसके पीछे सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच करते हुए गांजे के पूरे बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने में जुटी है।


