Delhi Samachar
मौसमBREAKING NEWS
Delhi Weather: दिल्ली में देर से पहुंचेगा मानसून, जुलाई के पहले सप्ताह तक करना पड़ सकता है इंतजार

Delhi Weather: दिल्ली में देर से पहुंचेगा मानसून, जुलाई के पहले सप्ताह तक करना पड़ सकता है इंतजार

Delhi SamacharDelhi Samachar20 June 2026, 06:21 AM6 views

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार लोगों को मानसून के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, सामान्य तौर पर 27 जून तक दिल्ली पहुंचने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार जुलाई के पहले सप्ताह में दस्तक दे सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून की धीमी रफ्तार के पीछे सबसे बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र (लो-प्रेशर सिस्टम) समय पर विकसित नहीं होना है। आमतौर पर 18 से 19 जून के बीच यह सिस्टम बनता है और नमी से भरी हवाओं को उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। इसी के प्रभाव से मानसून ओडिशा, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए दिल्ली तक पहुंचता है।

आईएमडी के वैज्ञानिक कृष्णा मिश्रा के अनुसार, इस साल अब तक ऐसा कोई मजबूत सिस्टम नहीं बन पाया है, जिससे मानसून की प्रगति प्रभावित हुई है। हालांकि, 25-26 जून के आसपास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

इसके अलावा अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाएं भी कमजोर पड़ गई हैं और दो हिस्सों में बंट गई हैं, जिससे मानसून की गति और धीमी हो गई है। देशभर में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी कम है, जो मानसून की सुस्त चाल की पुष्टि करता है।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।