Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : कल्याणपुरी में सफाईकर्मी की हत्या के बाद हड़ताल, यमुनापार में सफाई व्यवस्था पर संकट

Delhi : कल्याणपुरी में सफाईकर्मी की हत्या के बाद हड़ताल, यमुनापार में सफाई व्यवस्था पर संकट

Delhi Samachar17 August 2026, 05:34 AM14 views

दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में सफाईकर्मी की चाकू मारकर हत्या के बाद सफाई कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। सोमवार को बड़ी संख्या में मेट्रो वेस्ट के कर्मचारी काम बंद कर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और स्वामी दयानंद अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सफाईकर्मियों की सुरक्षा की मांग की।

दरअसल, रविवार सुबह कल्याणपुरी में मेट्रो वेस्ट के 27 वर्षीय कर्मचारी अनिल कुमार की ड्यूटी के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। अनिल टिपर वाहन के साथ मौजूद था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर किसी दूसरे कर्मचारी को निशाना बनाने पहुंचा था, लेकिन गलत पहचान के चलते उसने अनिल पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

घटना के बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए काम बंद कर दिया। उनका कहना है कि सफाईकर्मी रोजाना जोखिम उठाकर शहर को साफ रखते हैं, लेकिन ड्यूटी के दौरान उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।

हड़ताल के चलते पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार को कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावित रही। अगर कर्मचारियों की हड़ताल आगे भी जारी रहती है तो यमुनापार में घर-घर से कूड़ा उठाने के साथ-साथ बाजारों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ने और कई इलाकों में कूड़ा जमा होने की आशंका है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: