दिल्ली के कमला मार्केट थाना पुलिस ने GB रोड के कोठा नंबर 58 पर मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं को अलग-अलग समय पर नौकरी और घरेलू काम का झांसा देकर पश्चिम बंगाल से दिल्ली लाया गया था। आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें GB रोड के कोठे पर बंधक बनाकर जबरन वेश्यावृत्ति में धकेल दिया गया।
पहले मामले में 26 वर्षीय महिला ने बताया कि वह मई में पश्चिम बंगाल से लापता हुई थी। एक व्यक्ति ने नौकरी दिलाने के बहाने उसे दिल्ली लाया और कथित तौर पर उसका मोबाइल लेकर उसे कोठे की देखभाल करने वाली महिला के हवाले कर दिया। दूसरी पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे घरेलू काम का झांसा देकर लाया गया और विरोध करने पर उसके 8 वर्षीय बेटे को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को बचाकर उनका मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराई। कार्रवाई के दौरान कोठे से 55 हजार रुपये नकद, टोकन, रजिस्टर और बिजली का बिल बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में गीता, मंजू और पारो खातून शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपी पहले भी मानव तस्करी के एक मामले में शामिल रही हैं और फिलहाल जमानत पर थीं।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और पीड़िता के 8 वर्षीय बेटे का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


