दिल्ली में सक्रिय गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए साउथ जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा काला असौदिया–हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी हत्या और डकैती जैसे संगीन मामलों में भगोड़ा घोषित था।
स्पेशल स्टाफ, साउथ जिला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मंडी रोड, जौनापुर पर जाल बिछाया और मनीष उर्फ अजय उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया। करीब 30 वर्षीय आरोपी मूल रूप से झज्जर का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, वह मुंडका थाने में दर्ज हत्या और डकैती के मामलों में लंबे समय से वांछित था और अदालत की ओर से भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में फतेहपुर बेरी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क और अवैध हथियारों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


