दिल्ली के थाना सुभाष प्लेस इलाके में विदेशी रोजगार और वीजा दिलाने के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई थाना दिवस–जन सुनवाई के दौरान मिली शिकायत पर की गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अबीर पोइलान और उसके सहयोगी मुस्तकीम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, अब तक 46 शिकायतकर्ताओं से कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने इजरायल का वीजा दिलाने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये और इराक का वीजा दिलाने के लिए 70 हजार रुपये लिए। जांच में सामने आया कि आरोपी सुभाष प्लेस स्थित अग्रवाल साइबर प्लाजा-1, एनएसपी में ‘Dynamic Overseas’ के नाम से कथित तौर पर गतिविधियां चला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 ग्राम सोने के सिक्के, 22 पासपोर्ट, 11 मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड, 3 कंप्यूटर, एक प्रिंटर और Dynamic Overseas की मोहरें बरामद की हैं। मुख्य आरोपी अबीर के पास से 19 पासपोर्ट और 31 ग्राम सोने के सिक्के मिले, जबकि मुस्तकीम से 10 एटीएम कार्ड और 3 पासपोर्ट बरामद हुए, जिनमें दो नेपाली नागरिकों के पासपोर्ट भी शामिल हैं।
पुलिस अब कथित धोखाधड़ी से जुड़े पैसों के लेन-देन और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह, विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव और डीसीपी आकांक्षा यादव की निगरानी में की गई।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


