Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : बेरोजगारी बनी रिश्ते में दरार, प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद भी दी जान

Delhi : बेरोजगारी बनी रिश्ते में दरार, प्रेमी ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद भी दी जान

Delhi SamacharDelhi Samachar17 July 2026, 07:24 AM5 views

राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतकों की पहचान रायबरेली निवासी शिवांगिनी और सोनीपत निवासी निखिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले करीब छह महीने से रिश्ते में थे। निखिल पहले डीडीए में कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी करता था, लेकिन हाल ही में उसकी नौकरी चली गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह शिवांगिनी ने मोबाइल मैसेज के जरिए निखिल से रिश्ता खत्म करने की बात कही। इससे नाराज होकर निखिल बुराड़ी स्थित उसके किराये के फ्लैट पर पहुंचा। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद निखिल ने कथित तौर पर शिवांगिनी को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली।

दोपहर में जब शिवांगिनी की बहन घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। मकान मालिक और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले।

मौके से पुलिस ने एक पिस्टल और दो खाली कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि वारदात से पहले निखिल ने अपनी बहन को लाइव लोकेशन और आखिरी मैसेज भेजा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।