दिल्ली। नंद नगरी थाना क्षेत्र में घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में AATS/North-East District ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 4 सितंबर को स्कूटी पर सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद PS Nand Nagri में FIR नंबर 485/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी AATS/NED को भी सौंपी गई।
पुलिस टीम ने इलाके में लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने के लिए लगातार काम किया। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
12 सितंबर 2026 को एक पुख्ता सूचना के आधार पर AATS टीम ने सुंदर नगरी इलाके में छापेमारी कर आजिम खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसके साथी इमरान उर्फ राहुल का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, इमरान उर्फ राहुल (25) पहले चोरी के दो मामलों में शामिल रहा है, जबकि आजिम खान (36) के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैर इरादतन हत्या, लूट, झपटमारी, रेप, अपहरण, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 9 मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आजिम खान PS Nand Nagri का BC (Bad Character) भी है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।


