दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट (AATS) ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्कूटी की डिक्की से ₹7 लाख नकद चोरी करने वाले एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई पूरी रकम (₹7,00,000) और वारदात में इस्तेमाल TVS जुपिटर स्कूटर बरामद कर ली है।
यह पूरी कार्रवाई नॉर्दर्न रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ़ पुलिस श्री विजय सिंह (IPS) के निर्देशों और आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के एडिशनल DCP-I श्री लोकेश्वरन आर (IPS) के मार्गदर्शन में, ACP/ऑपरेशन्स दिनेश कुमार की देखरेख में अंजाम दी गई।
8 जुलाई 2026 को आदर्श नगर पुलिस स्टेशन (e-FIR नंबर 8005314/2026) में शिकायत दर्ज हुई थी कि हंस स्वीट्स के पास खड़ी एक स्कूटी की डिक्की से ₹7 लाख नकद गायब हो गए हैं। घटना के CCTV फुटेज खंगालने पर आरोपी की पहचान मंगोलपुरी की JJ कॉलोनी निवासी रोहित (पिता: राजवीर) के रूप में हुई। AATS की टीम ने स्थानीय मुखबिरों को सतर्क किया। और गुप्त सूचना मिली कि आरोपी नीले रंग की TVS जुपिटर स्कूटी से रोहिणी सेक्टर-11 स्थित नाला रोड पर आने वाला है। IC/AATS इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा के नेतृत्व में SI डिम्पी गुलिया, HC नेत्राम और HC दीपक की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर मंगोलपुरी स्थित घर की अलमारी से ₹500 के नोटों की 14 गड्डियां (कुल ₹7 लाख) बरामद की गईं। आरोपी को शाहबाद डेयरी पुलिस स्टेशन में धारा 35(1)(e) BNSS के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पकड़ा गया आरोपी रोहित एक सीरियल चोर है। वह कश्मीरी गेट पुलिस स्टेशन के 2 और रानी बाग पुलिस स्टेशन के 1 मामले में पहले से संलिप्त रहा है।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या वह अन्य आपराधिक मामलों या किसी बड़े गिरोह से भी जुड़ा हुआ है। मामला आगे की कार्रवाई के लिए आदर्श नगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


