Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : पुरानी रंजिश में रची हत्या की साजिश? गुड्डू बादशाह केस में 8 आरोपी गिरफ्तार

Delhi : पुरानी रंजिश में रची हत्या की साजिश? गुड्डू बादशाह केस में 8 आरोपी गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar04 September 2026, 09:20 AM32 views

दिल्ली के लाल कुआं इलाके में हुए गुड्डू बादशाह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इस पूरी वारदात की जांच के दौरान दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना और तमिलनाडु तक करीब 12 हजार किलोमीटर का लंबा ऑपरेशन चलाया गया।

दरअसल, 28 जुलाई 2026 को पुल प्रहलादपुर के लाल कुआं इलाके में गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ गुड्डू बादशाह मृत मिले, जबकि मोहम्मद फारुख गोली लगने से घायल मिला।

शुरुआत में फारुख ने खुद को पीड़ित बताया, लेकिन पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, उसके बयान में विरोधाभास सामने आए।

CDR, तकनीकी निगरानी और दूसरे साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने फारुख को ही साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जांच के मुताबिक, हत्या की वजह बिहार के सुपौल में चली आ रही पुरानी रंजिश थी। आरोप है कि गुड्डू बादशाह को विवाद सुलझाने के बहाने बिहार से दिल्ली बुलाया गया और फिर लाल कुआं के एक किराए के परिसर में ले जाकर उसे निशाना बनाया गया।

पुलिस के अनुसार, इस साजिश में अलग-अलग आरोपियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं—

किसी ने मृतक को दिल्ली बुलाने में भूमिका निभाई, किसी ने ठहरने और आने-जाने की व्यवस्था की, तो किसी पर हथियार छिपाने और वारदात को अंजाम देने का आरोप है।

पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद फारुख, आफताब, इरफान, शमशाद, अशफाक, रहमतुल्लाह उर्फ छोटू, अमन यादव और शोएब अख्तर को गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान पुलिस ने एक अवैध पिस्तौल, एक अतिरिक्त मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि दो अन्य अवैध हथियार और बाकी केस प्रॉपर्टी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल बंद किए, लोकेशन बदली और इंटरनेट आधारित संचार का इस्तेमाल किया। लेकिन पुलिस ने CDR, इंटरनेट कम्युनिकेशन, लोकेशन एनालिसिस, CCTV और ग्राउंड इंटेलिजेंस के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे ऑपरेशन में कई राज्यों में दबिश दी गई और करीब 12 हजार किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया गया।

फिलहाल सभी 8 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा चुका है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियारों और बाकी सबूतों की बरामदगी के साथ-साथ साजिश में किसी और व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

यानी लाल कुआं के गुड्डू बादशाह हत्याकांड में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई का दावा किया है, लेकिन इस पूरे मामले की तस्वीर आगे की जांच और कोर्ट की कार्यवाही में और साफ होगी।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।