बाहरी-उत्तर जिले की शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने एक ई-रिक्शा चालक की हत्या के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो महिलाओं सहित सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सड़क पर गाड़ियों की मामूली टक्कर से शुरू हुई बहस में बीच-बचाव करना ई-रिक्शा चालक के लिए जानलेवा साबित हुआ। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू, दो वाहन और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
यह वारदात 12 सितंबर 2026 की रात सेक्टर-28, रोहिणी स्थित नवनिर्मित आयुर्वेद अस्पताल के पास हुई। मृतक ई-रिक्शा चालक की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है।
आरोपी पक्ष ओ.एच. विलेज/आयुर्वेद अस्पताल की तरफ से लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच मामूली टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। अभिषेक ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिससे विवाद बढ़ गया।
बहस के दौरान आरोपी हिमांशु की अभिषेक से हाथापाई हो गई। अभिषेक ने हिमांशु को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आरोपी अनुज ने अभिषेक को पीछे से पकड़ लिया, जिससे अन्य आरोपियों को हमला करने का मौका मिल गया। इसी दौरान आरोपी सचिन उर्फ संतोष ने चाकू निकालकर अभिषेक पर जानलेवा हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एस.एच.ओ. सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर घनश्याम और अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया।
तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पूरी घटना का रिकंस्ट्रक्शन किया गया।
सटीक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।
यह पूरी कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी रेंज) श्री विजय सिंह, पुलिस उपायुक्त (बाहरी-उत्तर) श्री शोभित डी सक्सेना और सहायक पुलिस आयुक्त (बवाना) श्री गौरव सिंह के निर्देशन में पूरी की गई।
रिपोर्ट - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


