रोहिणी जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क और हेरोइन बनाने वाली यूनिट का खुलासा किया है। स्पेशल स्टाफ रोहिणी की टीम ने इस कार्रवाई में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे और उनके ठिकानों से कुल 7.577 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 53.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य सप्लायर बताए जा रहे 58 वर्षीय लक्ष्मण हुड्डा को 300 ग्राम हेरोइन और 3 लाख रुपये नकद के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा अनिल उर्फ भोला से 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
जांच के दौरान बरेली के बबलू और रुखसार अली उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके ठिकाने से 6.275 किलोग्राम ताजा बनी हेरोइन और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया।
वहीं, 6 अक्टूबर को बदायूं निवासी अजाज अहमद को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 501 ग्राम हेरोइन और रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, अजाज अहमद रुखसार को कच्चा माल सप्लाई करता था।
पूरी कार्रवाई में दो SUV, एक बुलेट मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और हेरोइन बनाने का अन्य सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस मामले में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


