बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर इलाके के खामपुर अंडरपास और आसपास लगातार हो रही मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अलीपुर थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को खामपुर अंडरपास स्थित एप्पल मंडी के पास एक महिला अपनी दोस्त से मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर आए दो बदमाशों ने चलते-चलते उसके हाथ से OPPO A54 मोबाइल झपट लिया और सोनीपत-सिंघु बॉर्डर की तरफ फरार हो गए।
इस मामले में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने आसपास के 200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के साथ स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के आधार पर पुलिस ने 5 अक्टूबर को रोशन और फरमान अली उर्फ पम्मी को गिरफ्तार किया।
रोशन नरेला का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले 2 मामले दर्ज हैं, जबकि फरमान अली थाना नरेला का घोषित BC है और उसके खिलाफ 48 पूर्व मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों से दो झपटे गए मोबाइल बरामद किए, जबकि जांच आगे बढ़ने पर 13 अन्य मोबाइल भी बरामद हुए। पुलिस अब इन मोबाइल को दूसरे मामलों से जोड़ने और आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


