नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के B-ब्लॉक से बुधवार तड़के एक भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। सुबह करीब 4 बजे प्लास्टिक के दाने बनाने वाली फैक्ट्री नंबर 2411 और 2412 में अचानक भयानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों फैक्ट्रियों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।
फैक्ट्री के अंदर मौजूद प्लास्टिक दाना और अत्यधिक ज्वलनशील कच्चे माल के कारण आग तेजी से भड़क गई। लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्होंने पास की दो अन्य फैक्ट्रियों की छतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त मौके पर अधिक लोग मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
हालांकि, इस भीषण अग्निकांड में फैक्ट्रियों के अंदर रखा लाखों रुपये का माल, कच्चा सामान और मशीनरी जलकर पूरी तरह खाक हो गई है। फिलहाल दमकल की टीमें कूलिंग ऑपरेशन में जुटी हैं और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्टर-सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


