दिल्ली के आकाशवाणी भवन में जबरन दाखिल होने के आरोप में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। आकाशवाणी भवन की ओर से पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दी गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत में कई सांसदों के साथ कुछ अज्ञात लोगों का भी जिक्र किया गया है।
दरअसल, मंगलवार को INDIA ब्लॉक के सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था। विपक्षी सांसद संसद भवन से चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने चुनाव आयोग कार्यालय से करीब 400 मीटर पहले बैरिकेडिंग कर मार्च रोक दिया।
इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए। दोनों नेता गेट नंबर-4 के पास एक पेड़ के नीचे बैठ गए और काफी देर तक धरना दिया। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी करीब आठ घंटे तक परिसर में मौजूद रहे। बाद में दिल्ली पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया और किंग्सवे कैंप ले जाया गया, जहां से उन्हें रिहा कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान ही पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया गया था। इसके बाद शाम को आकाशवाणी भवन की ओर से थाने में आधिकारिक शिकायत दी गई।
शिकायत में नेताओं पर परिसर में जबरन प्रवेश करने यानी अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है। अब पुलिस FIR के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के दौरान किसकी क्या भूमिका थी, यह भी देखा जा रहा है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


