आउटर नॉर्थ जिले के थाना बवाना की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए झपटमारी (स्नैचिंग) की एक वारदात को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से 7 मामले दर्ज हैं।
6 अक्टूबर 2026 को DSIIDC बवाना क्षेत्र में झपटमारी की यह घटना सामने आई थी। शिकायतकर्ता ललिता (32 वर्ष), निवासी बवाना, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह फैक्ट्री के गेट के पास काम कर रही थीं, तब उनकी बेटी साधना गेट की सीढ़ियों पर बैठकर मोबाइल फोन चला रही थी। उसी दौरान दो अज्ञात युवक अचानक आए और लड़की के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर तेजी से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना बवाना में बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं 304(2)/3(5) के तहत एफआईआर संख्या 606/2026 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष (बवाना) इंस्पेक्टर अखिलेश वाजपेयी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल अनूप और हेड कांस्टेबल नवीन को शामिल किया गया।
टीम ने घटनास्थल के आसपास के तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय खुफिया जानकारी (लोकल इनपुट) और आपराधिक रिकॉर्ड के सत्यापन पर काम किया। सटीक सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीड़िता का छीना हुआ सैमसंग गैलेक्सी F-17 5G मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।
मामले में शामिल सह-आरोपी की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य विवरण जुटाने के लिए पुलिस की आगे की जांच जारी है।
रिपोर्टर -सोनू आउटर नार्थ दिल्ली


