बाहरी-उत्तरी जिला मे आगामी गतिविधियों और सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाहरी-उत्तरी जिले के थाना बवाना की पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक तेज रफ्तार होंडा अमेज कार से 1,800 क्वार्टर अवैध शराब बरामद कर एक 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है।
06 अक्टूबर 2026 को गश्त के दौरान जब पुलिस टीम सेक्टर-3, बवाना स्थित 'लाल फ्लैट' के पास तैनात थी, तभी सेक्टर-3/4 रेड लाइट की ओर से एक तेज रफ्तार होंडा अमेज कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों को देखते ही चालक ने कार को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वाहन अचानक बंद हो गया। मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को चारों तरफ से घेर लिया और चालक को काबू में कर लिया।
पूछताछ में चालक की पहचान जतिन (18 वर्ष), पुत्र श्री ओम, निवासी सेक्टर-25, रोहिणी (स्थायी निवासी: गोपाल नगर, नजफगढ़, दिल्ली) के रूप में हुई। जब कार की डिग्गी और पिछली सीट की तलाशी ली गई, तो उसमें से विभिन्न कार्टनों में रखी 1,800 क्वार्टर बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बवाना में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत प्राथमिकी (FIR No. 605/2026) दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा शराब व वाहन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। हरियाणा-दिल्ली सीमा से अवैध शराब के मुख्य स्रोत (सप्लाई नेटवर्क), इसमें शामिल अन्य तस्करों तथा बरामद वाहन के मालिकाना हक का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर -सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


