दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी का कुछ हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
मामला 24 सितंबर 2026 की शाम का है। पुलिस के मुताबिक, शाहबाद डेयरी के सेक्टर-26 स्थित ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स के पीछे वाली गली से 34 वर्षीय सुनील अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान 3 से 4 युवक उनके पीछे आए।
आरोप है कि एक युवक ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और पेट पर चाकू लगा दिया, जबकि उसके साथियों ने शिकायतकर्ता को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी तलाशी लेकर ₹7,480 नकद, वॉलेट, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के साथ एक टेक्नो फैंटम फोल्डेबल मोबाइल फोन छीन लिया।
शिकायतकर्ता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। भागते समय मोबाइल फोन नीचे गिरकर टूट गया।
मामले की शिकायत के बाद शाहबाद डेयरी थाने में FIR नंबर 622/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। अपराध की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय जानकारी और लगातार फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए जांच आगे बढ़ाई और प्रिंस उर्फ धोनी और अविनाश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल ‘ड्रैगन’ चाकू और लूटी गई नकदी का कुछ हिस्सा बरामद हुआ है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही बाकी केस प्रॉपर्टी बरामद करने और वारदात में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।


