दिल्ली में झपटमारी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो ऐसे आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनका नाम 40 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल बताया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उत्तर-पश्चिम जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज पांच आपराधिक मामलों को सुलझाने का दावा किया गया है।
मामला उत्तर-पश्चिम जिले के भारत नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, चौकी संगम पार्क की टीम सावन पार्क अंडरपास के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों पर पुलिस की नजर पड़ी। जांच के दौरान दोनों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय संदीप उर्फ मूसा और 23 वर्षीय दीपक उर्फ गहना के रूप में हुई है। दोनों बुराड़ी के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक बुराड़ी थाने का घोषित बदमाश है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो चोरी की स्कूटी और दो बाइक समेत बटनदार चाकू, सर्जिकल ब्लेड, नकदी और जरूरी दस्तावेजों वाला चोरी का पर्स बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों की गिरफ्तारी से भारत नगर, रूप नगर, आदर्श नगर, बुध विहार और रानी बाग थानों में दर्ज पांच मामले सुलझे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


