Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : आनंद पर्वत में पत्नी की कथित हत्या, 16 घंटे में पति गिरफ्तार

Delhi : आनंद पर्वत में पत्नी की कथित हत्या, 16 घंटे में पति गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar16 September 2026, 09:55 AM5 views

आनंद पर्वत के पंजाबी बस्ती इलाके में 32 साल की महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने महज 16 घंटे के अंदर उसके पति को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति चंद्रपाल भाटी की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।

14 सितंबर को आनंद पर्वत थाना पुलिस को एक महिला की संदिग्ध हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला कमरे में मृत मिली। बताया गया कि वह अपने पति, दो नाबालिग बेटियों और अपनी मां के साथ रहती थी।

जांच के दौरान मृतका की करीब 10 साल की बेटी ने पुलिस को बताया कि तड़के करीब पौने चार से चार बजे के बीच उसकी नींद खुली थी। उस वक्त उसने अपने पिता को मां के पास देखा था। इसके बाद पिता घर से बाहर चले गए और कुछ समय बाद मां ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

पुलिस के मुताबिक, महिला की गर्दन के बाईं ओर नाखून जैसे निशान मिले थे। क्राइम टीम और FSL ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना के हालात और बच्ची के बयान के आधार पर पुलिस ने 15 सितंबर को BNS की धारा 103(1) के तहत FIR नंबर 517/2026 दर्ज की। तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी चंद्रपाल भाटी को बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश से पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मामले में आगे की जांच जारी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।