Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
म्यूल अकाउंट से फर्जी सिम और APK फ्रॉड तक... आउटर नॉर्थ साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 ठगी मॉड्यूल का पर्दाफाश; 6 आरोपी गिरफ्तार

म्यूल अकाउंट से फर्जी सिम और APK फ्रॉड तक... आउटर नॉर्थ साइबर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 ठगी मॉड्यूल का पर्दाफाश; 6 आरोपी गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar04 November 2026, 07:32 AM8 views

आउटर नॉर्थ दिल्ली में साइबर ठगी के ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें बैंक खाते, फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल में भेजी जाने वाली APK फाइलों के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा था। आउटर नॉर्थ साइबर पुलिस ने चार बड़े ऑपरेशन चलाकर ठगी के चार मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, इन कार्रवाइयों में पांच संगीन मामले सुलझाए गए हैं। जांच के दौरान 125 NCRP शिकायतों से आरोपियों के तार जुड़े मिले। करीब 1 करोड़ 59 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा हुआ, जबकि पीड़ितों को लगभग 1 करोड़ 12 लाख रुपये की रकम रिफंड कराई गई।

शाहबाद डेयरी में इंश्योरेंस और नौकरी का लालच देकर 70 म्यूल बैंक खाते खुलवाने वाले देवेंद्र उर्फ सचिन को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह डाकिए से बैंक किट झटककर खाते हैदराबाद के सिंडिकेट तक पहुंचाता था।

वहीं, सिम डीलर अतुल समेत तीन आरोपियों पर ग्राहकों की जानकारी के बिना 187 फर्जी सिम जारी करने का आरोप है। इसके अलावा 20 हजार रुपये में तीन बैंक खाते बेचने वाला सुमित और जालंधर से APK फ्रॉड सिंडिकेट का कथित मास्टरमाइंड सौरव भी गिरफ्तार हुआ।

पुलिस ने मोबाइल, एटीएम कार्ड, चेकबुक, POS मशीन, राउटर, बाइक और नकदी बरामद की है। दिल्ली पुलिस ने लोगों को चेताया है कि अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या बैंकिंग दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें।

रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।