दिल्ली के राजेंद्र प्लेस में नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने एक ऐसा मामला आया, जहां संदिग्ध ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता के चलते आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत कार्रवाई करते हुए MDMA बेचने के आरोपी 29 वर्षीय विजय वोहरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्वी दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1.63 ग्राम MDMA और एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि राजेंद्र प्लेस स्थित राजेंद्र भवन के पास लिंक रोड-1 पर एक व्यक्ति कार में बैठकर MDMA बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेर लिया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी की शर्ट की जेब से प्लास्टिक के दो पाउच मिले, जिनमें 1.63 ग्राम MDMA बरामद हुआ। इस मामले में प्रसाद नगर थाने में NDPS एक्ट की धारा 22(b) के तहत FIR नंबर 334/2026 दर्ज की गई है।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में और ACP ऑपरेशंस पदम सिंह राणा की निगरानी में की गई। पुलिस अब ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।


