Delhi Samachar
Varanasi : रील के चक्कर में जेल पहुंचा युवक, नकली पिस्टल दिखाना पड़ा भारी

Varanasi : रील के चक्कर में जेल पहुंचा युवक, नकली पिस्टल दिखाना पड़ा भारी

Delhi SamacharDelhi Samachar23 June 2026, 06:10 AM6 views

वाराणसी में सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल होने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। दशाश्वमेध घाट मार्ग पर कमर में नकली पिस्टल लगाकर वीडियो बनाने और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान 23 वर्षीय रवि शंकर मिश्रा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजातालाब थाना क्षेत्र के भीमचण्डी गांव का रहने वाला है और फिलहाल दशाश्वमेध इलाके के अगस्तकुंडा स्थित दत्तात्रेय मठ में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से वीडियो में इस्तेमाल की गई टॉय गन भी बरामद कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, रवि शंकर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वह कमर में पिस्टल जैसी दिखने वाली गन लगाकर घूमता नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वीडियो दशाश्वमेध घाट के व्यस्त मार्ग पर बनाया गया था, जिससे लोगों में डर और भ्रम का माहौल पैदा हो सकता था।

पूछताछ के दौरान युवक ने दावा किया कि वह नकली पिस्टल बंदरों को भगाने के लिए रखता था, लेकिन पुलिस ने उसकी दलील को खारिज कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक सोशल मीडिया पर रौब झाड़ने और लोकप्रियता हासिल करने के लिए हथियार का प्रदर्शन कर रहा था।

वाराणसी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लाइक्स और व्यूज के लिए ऐसे वीडियो बनाने से बचें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।