उत्तर प्रदेश के बहराइच से रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गोंडा-बहराइच मार्ग पर चिलवरिया के पास वाराणसी कैंट डिपो की एक रोडवेज बस आगे चल रही सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। अन्य घायलों को भी तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि पांच का उपचार अभी भी चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब बस गोंडा से बहराइच की ओर जा रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घायलों के उपचार तथा राहत कार्यों की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी न बनाए रखने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

